सीतापुर में 28 करोड़ से बनेगी 3.82 किमी फोरलेन सड़क, पुलिस आवासों का भी लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के महान नेता और प्रख्यात अभियंता बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।
बुधवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से सरगुजा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने शिक्षा, सामाजिक चेतना और संगठन के माध्यम से जनजातीय समाज को प्रगति की राह दिखाई। उनके विचार आज भी समाज को अपनी संस्कृति और अधिकारों के संरक्षण के साथ आधुनिक शिक्षा अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
सीतापुर को 28 करोड़ की सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के करीब 3.82 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने के कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होंगे। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
पुलिसकर्मियों के लिए नए आवास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन, उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास और 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासों का लोकार्पण किया। इसके अलावा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
जनजातीय महापुरुषों की विरासत सहेजने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने अभियंता और सांसद के रूप में पहचान बनाने के साथ जनजातीय समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता के लिए काम किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम माना और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता से बस्तर में शांति और विकास के नए अवसर बने हैं। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
