तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: DMK-कांग्रेस में सीट शेयरिंग तय, कांग्रेस 28 सीटों पर लड़ेगी

दिल्ली। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। समझौते के तहत कांग्रेस 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि गठबंधन के तहत उसे एक राज्यसभा सीट भी दी जाएगी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ डीएमके और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। समझौते के तहत कांग्रेस को राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में 28 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। इसके अलावा गठबंधन के तहत कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट भी देने पर सहमति बनी है।
यह फैसला बुधवार को मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टेलिन और तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई के बीच हुई बैठक में लिया गया। दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा के बाद गठबंधन को अंतिम रूप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, डीएमके और कांग्रेस के बीच 2004 से चला आ रहा गठबंधन इस बार सीटों को लेकर तनाव में आ गया था। कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग कर रही थी, जबकि डीएमके पहले केवल 25 सीटें देने के पक्ष में थी। हालात तब बदले जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मुख्यमंत्री स्टालिन से मुलाकात कर बातचीत की। इसके बाद दोनों दलों के बीच समझौता हो गया और कांग्रेस को 28 सीटें देने पर सहमति बनी।
2021 के विधानसभा चुनाव में डीएमके ने 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली थी। DMK के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस ने कुल 159 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की थी। वहीं विपक्षी गठबंधन NDA को 75 सीटें मिली थीं, जिसमें AIADMK) 66 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी रही थी।
सीट बंटवारे के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वपेरुंथगई ने कहा कि पार्टी को 40 साल बाद तीन अतिरिक्त सीटें और राज्यसभा में एक सीट मिली है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन आगामी चुनाव में 210 से अधिक सीटें जीत सकता है।





