चोरी के शक में तालिबानी सजा: युवक का मुंडन कर जूता-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया

सूरजपुर। जिले के ग्राम पस्ता में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक युवक को कथित तौर पर तालिबानी सजा दी गई। आरोप है कि गांव के सरपंच पति ने युवक का सिर मुंडवाकर उसे अर्धनग्न अवस्था में जूता-चप्पल की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया।

जानकारी के अनुसार, युवक पर सौर पैनल के तार चोरी करने का संदेह जताया गया था। इसी आधार पर सरपंच पति और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। युवक के गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर उसके पेट और पीठ पर ‘चोर’ लिखी तख्ती लगाई गई। इसके बाद उसे मारते-पीटते हुए गांव में घुमाया गया।

पीड़ित युवक के पिता ने आरोप लगाया है कि इस घटना में सरपंच पति के साथ ग्राम सचिव और अन्य ग्रामीण भी शामिल थे। उन्होंने मामले की शिकायत रामानुजनगर थाना में दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह घटना कानून व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Exit mobile version