बीजापुर में बारिश से बिगड़े हालात: 100 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूटा, इंद्रावती खतरे के निशान के करीब

बीजापुर। जिले में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते 100 से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर करीब 11,000 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गया है। प्रशासन के मुताबिक 12,000 क्यूबिक मीटर पार होने पर बाढ़ की चेतावनी जारी करनी पड़ सकती है।
बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्रमुख नदी-नालों पर बाढ़ बचाव दल तैनात कर दिए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इधर, भैरमगढ़-गीदम मार्ग पर फूंदरी के पास इंद्रावती नदी का पानी नेशनल हाईवे तक पहुंच गया है। इससे बीजापुर का संभाग मुख्यालय जगदलपुर से सड़क संपर्क टूटने का खतरा बढ़ गया है। यदि जलस्तर और बढ़ा तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो सकता है।
भारी बारिश का असर अंतरराज्यीय संपर्क पर भी पड़ा है। बीजापुर से महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ने वाले सड़क मार्ग जलमग्न होने से यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है।





