ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

वनकर्मियों पर अतिक्रमणकारियों का हमला, तीन घंटे तक बनाए रखा बंधक

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के परसूली मार्ग स्थित सोहागपुर बिट में गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने जानलेवा हमला कर दिया।

जेसीबी मशीन से वन भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू करते ही अतिक्रमणकारियों ने लाठी, कुल्हाड़ी और लोहे के बाट से लैस होकर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा, सिद्दीकी, हरि अर्जुन और फॉरेस्ट गार्ड सिलेश्वर प्रसाद सहित कई वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तीन घंटे तक जबरन बंधक बनाकर रखा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गरियाबंद थाना प्रभारी ओपी यादव ने तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सभी बंधक वनकर्मियों को सुरक्षित छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस को भी काफी सावधानी से स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा। फिलहाल घटनास्थल पर शांति बनी हुई है, लेकिन स्थिति को देखते हुए वन विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। अतिक्रमणकारियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि जंगल और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button