बजट 2026: अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट के लिए डिजाइन होंगे 50 शहर, भारत बनेगा ऑल-सीजन डेस्टिनेशन

दिल्ली। बजट 2026-27 में केंद्र सरकार ने पर्यटन को बड़ा बढ़ावा देने का ऐलान किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश के 50 शहरों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की जरूरतों के अनुसार वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत को ऑल-सीजन डेस्टिनेशन और ग्लोबल टूरिस्ट-हब बनाना है।
पर्यटन के लिए बजट में 2,438.40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक 10 करोड़ विदेशी पर्यटक भारत आएं। इससे टियर-2 और टियर-3 शहरों, गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और फॉरेक्स रिजर्व बढ़ेगा।
सरकार मंदिरों के शहरों पर खास फोकस करेगी। वाराणसी, मथुरा, जम्मू, ऋषिकेश, हरिद्वार, मदुरै, कांचीपुरम, हम्पी, तिरुपति, पुरी, द्वारका, उज्जैन और खजुराहो जैसे शहरों में सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनाई जाएंगी।
नेशनल डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड के जरिए पर्यटन स्थलों का डिजिटल डेटा तैयार होगा। IIM 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों के 10 हजार गाइडों को ट्रेनिंग देगा। 15 पुरातात्विक स्थलों को ‘एक्सपीरियंशियल कल्चरल डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी साल भारत में पहली ग्लोबल बिग कैट समिट और एडवेंचर टूरिज्म ब्रांडिंग की भी योजना है।





