StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान में पारा 10° गिरा, माउंट आबू में माइनस 7°; उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी का असर

दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्सों में लगातार ठंड और बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार-शुक्रवार से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। शिमला, मनाली, मसूरी और कटरा में चारों तरफ सफेद चादर बिछी नजर आई। उत्तरकाशी, चमोली और डोडा में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। मैदानी इलाकों में लगभग एक फुट और ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में 2-3 फीट बर्फ जम गई है।

श्रीनगर एयरपोर्ट शनिवार को बंद रहा और NH-44 पर ट्रैफिक रोक दिया गया। मौसम विभाग ने इन राज्यों में ऊंचे इलाकों के लिए एवलांच (हिमस्खलन) की चेतावनी जारी की है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राजस्थान में ओले और बारिश हुई, जिससे तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। राज्य के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा माइनस 7 डिग्री तक पहुंचा। सीकर में ओस जमी और जयपुर, दौसा, अलवर सहित कई जिलों में ठंडी हवाओं का असर रहा।

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है। दिल्ली में बारिश के बाद कोहरा और धुंध छंट गई, लेकिन तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली तेज हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी को अधिकांश राज्यों में हल्के बादल या साफ मौसम रहेगा, हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 26 जनवरी को दिल्ली और उत्तर भारत में आंशिक बादल रह सकते हैं, सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री और अधिकतम 18-22 डिग्री के बीच रह सकता है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। शिमला, माउंट आबू, कटरा और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ जुटी हुई है। एवलांच और बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button