सूरजकुंड मेले में झूला गिरा, VIDEO: पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 12 घायल

पर्यटन मंत्री ने जायजा लिया, घायलों से भी मिले
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक विशाल झूला अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में पलवल जिले के चांदहट थाने के SHO इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत निजी अस्पताल और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से मेला ग्राउंड को खाली करा दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनामी झूले पर करीब 18 लोग सवार थे। शाम करीब सवा छह बजे झूला ऊपर से नीचे आते वक्त अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गया।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूले को तेजी से गिरते देखा जा सकता है। झूला गिरते ही लोग चीखने लगे और इधर-उधर भागने लगे। दुकानदार राघव ने बताया कि उन्होंने झूले पर चढ़कर 7-8 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा, लेकिन इसके बाद झूला पूरी तरह गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रात करीब 10 बजे पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी मेला ग्राउंड पहुंचे और निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज की जानकारी ली। मंत्री ने हादसे की जांच के आदेश देते हुए ADC की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी घटना पर दुख जताया और कहा कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने वेंडर की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।





