रायपुर। सड़क किनारे दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 17 नवंबर को बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होने वाले इस आयोजन में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। महोत्सव में पथ विक्रेताओं के ई-पंजीयन की शुरुआत होगी। साथ ही हितग्राहियों को चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स भी बांटे जाएंगे।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और सूडा की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। दोनों नेता स्वनिधि चौपाल में पथ विक्रेताओं से सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं व अनुभव जानेंगे।
फूड स्टॉल और योजना की प्रदर्शनी लगेगी
महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स अपने फूड स्टॉल लगाएंगे। विभाग की ओर से पीएम स्वनिधि योजना पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी पथ विक्रेताओं को वित्तीय समावेशन और वित्तीय साक्षरता की जानकारी देंगे। वहीं, डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स ऑनलाइन भुगतान के फायदे और इसके इस्तेमाल के बारे में बताएंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
बैंकों, निकायों और हितग्राहियों का सम्मान
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के मुताबिक, योजना में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों और उनकी शाखाओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
संभाग के नौ हितग्राहियों के साथ उत्कृष्ट काम करने वाले नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को भी सम्मान मिलेगा। लाभार्थियों के प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
