सूर्यघर योजना से बदली जिंदगी: 5KW सोलर प्लांट लगते ही बिजली बिल हुआ जीरो, हर महीने हो रही बचत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।

योजना प्रदेश में हजारों परिवारों के लिए आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत माध्यम बन रही है। इसका लाभ अब आम लोगों की जिंदगी में साफ दिखाई देने लगा है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा निवासी लखन लाल कश्यप इस योजना की सफलता की मिसाल बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया है।

संयंत्र लगने के बाद उनका मासिक बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। इससे परिवार की नियमित बचत बढ़ी है और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में भी उनका योगदान सुनिश्चित हुआ है।

लखन लाल कश्यप ने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उनके घर में सोलर प्लांट लगाया गया।

केंद्र और राज्य सरकार से मिले अनुदान के कारण स्थापना की लागत काफी कम रही, जिससे सौर ऊर्जा अपनाना आसान और किफायती बन गया।

उन्होंने कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल भरना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। अब बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है और बची राशि का उपयोग परिवार की अन्य जरूरतों पर किया जा रहा है।

साथ ही उन्हें इस बात की संतुष्टि भी है कि वे स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर प्रदूषण कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान दे रहे हैं।

राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना न केवल बिजली खर्च कम कर रही है, बल्कि हरित और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

लखन लाल कश्यप ने प्रदेशवासियों से इस योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।

↑
Exit mobile version