बलौदाबाजार में PM आवास और जल संरक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण: आयुक्त ने ग्रामीणों से जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

बलौदाबाजार। आयुक्त वीबी-जीरामजी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारण प्रकाश सिन्हा ने शुक्रवार को बलौदाबाजार जिले का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

आयुक्त ने जनपद पंचायत बलौदाबाजार की ग्राम पंचायत बेमेतरा और जनपद पंचायत पलारी की ग्राम पंचायत सितदेवरी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनाए गए मकानों का निरीक्षण किया। श्उ

न्होंने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर आवास निर्माण, मिली सहायता, निर्माण गुणवत्ता और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली। आवास पूरा कर चुके हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से खुशियों की चाबी भी सौंपी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिले।

जल संरक्षण कार्यों की भी जांच

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वीबी-जीरामजी के तहत जल सुरक्षा श्रेणी में बनाए जा रहे और पूर्ण हो चुके कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने नवीन तालाब, अमृत सरोवर, सैंड फिल्टर आधारित बोरवेल रिचार्ज संरचना और चेकडैम का निरीक्षण किया।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़े कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहें, बल्कि स्थानीय जरूरत, कैचमेंट क्षेत्र, जलधारण क्षमता और लंबे समय की उपयोगिता को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं।

आयुक्त ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सहज माहौल में बातचीत की। उन्होंने रोजगार, आवास, विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों को लेकर ग्रामीणों के सुझाव सुने। अधिकारियों को ग्राम सभा से अनुमोदित कार्ययोजना के अनुसार प्राथमिकता तय करने के निर्देश दिए।

बाद में जिला पंचायत सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें वीबी-जीरामजी, पीएम आवास योजना-ग्रामीण सहित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

आयुक्त ने समय पर काम पूरा करने, श्रमिकों के नियोजन, तकनीकी मानकों और निर्माण गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित फील्ड निरीक्षण और जल संरक्षण कार्यों से अधिकतम वर्षाजल संचयन व भू-जल स्तर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version