होली सेलिब्रेशन के बीच छात्रों में चले लात-घूंसे: डीजे पर डांस के बीच मारपीट,GGU में 4 दिन में दूसरी घटना

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
डीजे की धुन पर चल रहे रंगोत्सव के बीच अचानक विवाद बढ़ा और छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि यूनिवर्सिटी में चार दिनों के भीतर मारपीट की यह दूसरी घटना है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को कैंपस में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने तेज आवाज में डीजे लगाया गया था, जहां छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल उड़ाते हुए डांस कर रहे थे।
इसी दौरान कुछ छात्रों के बीच नशे की हालत में विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रंग खेलने के दौरान कपड़े फाड़ने और धक्का-मुक्की को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
एक ओर छात्र होली के रंग में झूमते नजर आए, वहीं दूसरी तरफ कुछ छात्र आपस में भिड़ गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र एक युवक को घेरकर मारपीट कर रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद अन्य छात्र इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। काफी देर तक कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इससे पहले भी यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के होली मिलन कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया था। लगातार दूसरी घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।



