StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी: सेंसेक्स 500 अंक उछला, 77 हजार के पार कारोबार; बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल शेयरों में खरीदारी

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को मजबूत शुरुआत देखने को मिली। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स 500 अंकों से अधिक की तेजी के साथ 77,000 के स्तर के पार कारोबार करता नजर आया।

वहीं, निफ्टी भी करीब 150 अंकों की बढ़त के साथ 24,050 के आसपास पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में आई भारी गिरावट के बाद बाजार में निवेशकों की वापसी से सकारात्मक माहौल बना है।

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा खरीदारी बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। इन सेक्टरों में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी के चलते प्रमुख सूचकांकों को सहारा मिला।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू निवेशकों की खरीदारी और चुनिंदा बड़े शेयरों में तेजी से बाजार को मजबूती मिली है।

एशियाई बाजारों की बात करें तो मिला-जुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई सूचकांक 2 फीसदी से अधिक चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

वैश्विक बाजारों के मिश्रित संकेतों के बावजूद भारतीय बाजार ने सकारात्मक शुरुआत की।

बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार दबाव में रहे थे। डाउ जोंस में 577 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि एसएंडपी 500 भी लाल निशान में बंद हुआ। हालांकि नैस्डैक में मामूली बढ़त देखने को मिली।

विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार के लिए सकारात्मक रहीं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने करीब 790 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने लगभग 1,963 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1,677 अंक टूटकर 76,504 पर और निफ्टी 516 अंक की गिरावट के साथ 23,882 पर बंद हुआ था।

गुरुवार की तेजी को निवेशक उस गिरावट के बाद आई रिकवरी के रूप में देख रहे हैं।

Related Articles

Back to top button