भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार को वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। रविवार को दुर्ग स्टेशन पर वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
अभियान के दौरान कुल 76 लोगों पर कार्रवाई की गई। इनमें 59 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जबकि 15 यात्रियों के पास अनियमित टिकट थे। इसके अलावा दो लोग बिना बुक किए सामान ले जाते हुए पकड़े गए। रेलवे प्रशासन ने इन सभी से कुल 49,100 रुपए का जुर्माना वसूला।
जांच के दौरान ट्रेनों की स्थिति भी परखी गई। गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा-मुंबई मेल के पैंट्रीकार में काकरोच पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने साफ-सफाई में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने को कहा।
यह अभियान मंडल वाणिज्य प्रबंधक राकेश सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें वाणिज्य निरीक्षकों और टीटीई की टीम ने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार जांच की। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में अवैध वेंडिंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रेल अधिनियम के तहत 16 वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें चेतावनी दी गई।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें और केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें।
रेलवे ने संकेत दिए हैं कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।
