भ्रष्टाचार पर सख्ती, विजन 2047 लक्ष्य, मुख्य सचिव विकासशील का संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव विकासशील ने पदभार संभालते ही साफ संकेत दे दिए हैं कि प्रशासनिक व्यवस्था में भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने 13वें मुख्य सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों का नाम पहले से किसी विवाद या भ्रष्टाचार से जुड़ा है, उन पर उनकी नजर है। यदि किसी अधिकारी की गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हाल के वर्षों में केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा कई आईएएस अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं। इस पर विकासशील ने कहा कि राज्य में कुछ हालात ऐसे बने हैं, जिन पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। अगर किसी भी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके इस रुख से माना जा रहा है कि आने वाले समय में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और तेजी से होगी और सख्त फैसले भी लिए जाएंगे।

मुख्य सचिव ने आगे विजन 2047 पर अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बड़ा टार्गेट है और छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का मौका है। अपने 30 साल के प्रशासनिक अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर काम करने का जो अनुभव मिला है, उसका उपयोग राज्य की प्रगति में करेंगे।

विकासशील ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक ईमानदारी और पारदर्शिता उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनके मुताबिक, सुशासन तभी संभव है जब अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें और जनता का विश्वास जीतें। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने संदेश दे दिया है कि विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन, दोनों ही उनकी कार्यशैली की पहचान होंगे।

Exit mobile version