दिल्ली में अप्रैल में 18 साल की सबसे ज्यादा बारिश, राजस्थान-महाराष्ट्र में अब भी भीषण गर्मी
दिल्ली। देश के कई राज्यों में पिछले दो दिनों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई राज्यों में यह मौसम जानलेवा साबित हुआ। उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में आंधी-बारिश से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 36 घंटों के दौरान आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 17 लोगों की जान चली गई। वहीं बिहार में 5 लोगों की मौत हुई है। दूसरी ओर बेंगलुरु में बुधवार रात तेज बारिश और आंधी के दौरान हुए हादसों में मरने वालों की संख्या 10 पहुंच गई है।
दिल्ली में गुरुवार को तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण मौसम अचानक ठंडा हो गया। कई इलाकों में तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पालम क्षेत्र में तापमान 39 डिग्री से घटकर 28 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल अप्रैल में दिल्ली में 27.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 18 साल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी बारिश हुई थी।
हालांकि राजस्थान और महाराष्ट्र में गर्मी का कहर जारी है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में गुरुवार को देश का सबसे अधिक 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं असम, मेघालय, सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
देशभर में मौसम के बदले मिजाज के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कई राज्यों में हीटवेव और बारिश दोनों से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
