StateNewsChhattisgarh

देश के 25 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओलावृष्टि के आसार

दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को देश के 25 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। बिहार, असम और ओडिशा में तेज बारिश के आसार हैं, जबकि झारखंड, ओडिशा और मेघालय में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

15 अप्रैल को श्रीनगर का तापमान 30.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.2 डिग्री ज्यादा है। यह पिछले 80 वर्षों में सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 20 अप्रैल 1946 को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.1°C दर्ज हुआ था। घाटी के अन्य हिस्सों में भी तापमान सामान्य से 8 से 11 डिग्री तक ऊपर रहा। वहीं राजस्थान का बाड़मेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान बना रहा। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 45.5°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान बढ़ने की चेतावनी दी है।

हिमाचल में तूफान-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में 5 दिन तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में ओलावृष्टि और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्यवार मौसम का हाल
बिहार

  • 22 जिलों में यलो अलर्ट, बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी
  • 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना

मध्यप्रदेश

  • अगले 3 दिन लू के आसार
  • भोपाल, इंदौर, उज्जैन में पारा 41°C के पार

उत्तरप्रदेश

  • 48 घंटे बाद आंधी-बारिश का अलर्ट
  • झांसी 38.2°C के साथ सबसे गर्म

छत्तीसगढ़

  • दुर्ग, बिलासपुर सहित 20 जिलों में 3 दिन तक मौसम खराब
  • राजनांदगांव सबसे गर्म (40°C)
  • रायपुर, रायगढ़ में बौछारें पड़ीं

पंजाब

  • 6 जिलों में बारिश की संभावना
  • लू का यलो अलर्ट, बठिंडा में तापमान 41.2°C

हरियाणा

  • आज रात बूंदाबांदी की संभावना
  • सिरसा सबसे गर्म (39.4°C)

इस साल मानसून रहेगा सामान्य से बेहतर

मौसम विभाग ने बताया कि जून-सितंबर के बीच मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है। इस बार 105% यानी लगभग 87 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है, जो फसलों के लिए अनुकूल संकेत है।

Related Articles

Back to top button