भारी गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, मध्य-पूर्व में तनाव का असर; गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ की बढ़ी चमक

दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 25,178.65 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 24,659.25 पर खुला। वहीं बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 81,287.19 से फिसलकर 78,543.73 पर खुला। शुरुआती कारोबार में हालांकि थोड़ी रिकवरी देखने को मिली, लेकिन बाजार पर दबाव बना रहा। निफ्टी करीब 1.15 फीसदी और सेंसेक्स लगभग 1.27 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस भारी गिरावट की सबसे बड़ी वजह मध्य-पूर्व में जारी युद्ध और उससे उपजा वैश्विक अनिश्चितता का माहौल है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव से वैश्विक बाजारों में ‘रिस्क-ऑफ’ सेंटिमेंट हावी हो गया है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से महंगाई और चालू खाते के घाटे को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ी है, जिससे बिकवाली का दबाव और तेज हुआ।
बाजार में गिरावट के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा है। इसका सीधा फायदा गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ को मिला। टाटा सिल्वर ईटीएफ में 7 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और एसबीआई सिल्वर ईटीएफ में 6 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। इसी तरह गोल्ड ईटीएफ में भी 4 से 5 फीसदी तक की मजबूती रही, जो सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
सेक्टोरल स्तर पर एविएशन, ऑटो और कंज्यूमर गुड्स शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखा गया। इंटरग्लोब एविएशन, एलएंडटी, मारुति सुजुकी और एशियन पेंट्स जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं ओएनजीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हिंडाल्को जैसे कुछ चुनिंदा शेयरों में सीमित तेजी देखने को मिली। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मध्य-पूर्व में हालात सामान्य नहीं होते, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।



