एशियाई बाजारों में भी दबाव, जापान और दक्षिण कोरिया के इंडेक्स 4% तक लुढ़के; अमेरिकी बाजार भी लाल निशान में बंद
दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
सुबह के कारोबार में सेंसेक्स करीब 450 अंक (0.50%) टूटकर 77,700 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 100 अंक (0.40%) फिसलकर 24,220 के आसपास कारोबार करता दिखा।
शुरुआती कारोबार में निजी बैंक और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि 15 शेयर लाल निशान में थे। बाजार में निवेशकों का रुख फिलहाल सतर्क बना हुआ है और वैश्विक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4.08% और जापान का निक्केई 4.03% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। हालांकि, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.22% की बढ़त के साथ मजबूती दिखा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स 0.77%, नैस्डैक 1.40% और एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.01% की कमजोरी के साथ बंद हुए। वैश्विक बाजारों में आई इस नरमी का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है।
हालांकि, पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को घरेलू बाजार में शानदार तेजी दर्ज की गई थी। उस दिन सेंसेक्स 964 अंक उछलकर 78,151 पर और निफ्टी 261 अंक की बढ़त के साथ 24,334 पर बंद हुआ था।
आईटी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजारों की कमजोरी, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगे।

