StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करेगा : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आयोग साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, विभिन्न विभागों के समन्वय और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री साय आज नवा रायपुर स्थित नीति भवन में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के विकास के लिए दीर्घकालिक विज़न तैयार करने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। आयोग के माध्यम से विकास योजनाओं और नीतियों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय की चुनौतियों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की रणनीतियाँ तैयार करना बेहद आवश्यक है और इसमें आयोग की अहम भूमिका रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ में भी विज़न डॉक्युमेंट 2047 तैयार किया गया है, जिससे प्रदेश के समग्र विकास की रूपरेखा तय की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग का गठन दूरदर्शी निर्णय था, जिसके माध्यम से आकांक्षी जिलों के विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा दिए गए सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लेकर प्रभावी ढंग से लागू करेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी महापौर रामू रोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button