रायपुर में ‘वीमेन फॉर ट्रीज’ अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ, महिलाएं बढ़ाएंगी हरियाली

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के कौशल्या विहार (कमल विहार) में ‘वीमेन फॉर ट्रीज’ अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे भी उपस्थित थे। सभी ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अभियान में स्वसहायता समूहों की महिलाएं शामिल होंगी जो चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण करेंगी और पौधों की देखभाल भी करेंगी। वर्तमान में इस अभियान से 1701 समूहों की 2300 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।
विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में वृक्षारोपण अभियान लगातार चल रहा है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा। महापौर मीनल चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम में 60 स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा और 232 महिलाओं को अभियान से जोड़ा गया है।
यह अभियान भारत सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम से प्रेरित है। केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की पहल ‘अमृत मित्र’ के तहत महिलाओं को स्वसहायता समूहों के माध्यम से शहरों में हरियाली बढ़ाने का मौका मिलेगा। मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत सरकारी भूमि, वाटर बॉडीज, स्कूल, अस्पताल, उद्यान और धार्मिक स्थलों में वृक्षारोपण किया जाएगा।
प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में कुल 2,21,145 पौधों के रोपण के लिए 684 परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजे गए थे। इसमें से 444 परियोजनाएं भारत सरकार द्वारा स्वीकृत की गई हैं, जिसमें 1,65,997 पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक महिला को पौधों की देखभाल के लिए प्रतिमाह 8,000 रुपए और जियो-टैगिंग एवं निगरानी कार्य हेतु 1,000 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे।
इस अभियान से छत्तीसगढ़ में महिलाओं का सशक्तिकरण, नागरिकों की सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित होगा। राष्ट्रीय स्तर पर यह अभियान बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश के बाद सर्वाधिक पौधरोपण की स्वीकृति वाला कार्यक्रम है।