मुख्य मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण; खाना खजाना में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद ले रहे लोग, विभागीय स्टॉल पर योजनाओं की जानकारी
रायपुर। नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 की रौनक देखते ही बन रही है। मुख्य मंच पर हर दिन हो रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं मीना बाजार, शिल्पग्राम और खाना खजाना जोन में भी सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ रही है। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंच रहे लोग मनोरंजन के साथ खानपान और खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।
शिल्पग्राम में पारंपरिक सजावट और अलग-अलग तरह के हस्तशिल्प उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यहां बनाए गए सेल्फी सेंटर के अलावा लोग पूरे परिसर में तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं। मुख्य मंच के सामने बने दूसरे मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी माहौल को खुशनुमा बना रही हैं।
खाना खजाना में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद
खाना खजाना जोन में लोगों को किफायती कीमतों पर कई तरह के व्यंजनों का विकल्प मिल रहा है। छत्तीसगढ़ी स्वाद पसंद करने वालों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मंगोड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा जैसे पकवान उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और नाश्ते की भी कई वैरायटी है। यहां साफ-सफाई का ध्यान रखा गया है। परिवार के साथ पहुंचे लोग अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं।
मीना बाजार में मनोरंजन, स्टॉल पर योजनाओं की जानकारी
मीना बाजार में मनोरंजन के लिए कई आकर्षण मौजूद हैं। लोग मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले यहां समय बिता रहे हैं। दूसरी ओर, विभागीय स्टॉल पर सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी जा रही है। खनिज, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पंचायत, नगरीय प्रशासन, वन और कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं।
इसके साथ ही बीएसपी, एनटीपीसी, एसईसीएल, बालको, एनएमडीसी और रेलवे जैसी सार्वजनिक एवं औद्योगिक संस्थाओं की भागीदारी भी है। हर स्टॉल पर विभागीय कामकाज और योजनाओं को अलग अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इस तरह राज्योत्सव लोगों के लिए मनोरंजन, खानपान, खरीदारी और सरकारी योजनाओं को करीब से जानने का अवसर बन रहा है।
