जनता की समस्याओं को हल करने में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की अहम भूमिका – सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राज्य प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में 2024 बैच के 13 और 2021 बैच के एक अधिकारी शामिल थे।
मुख्यमंत्री साय ने प्रशिक्षु अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रशासन की धुरी हैं और जनता की समस्याओं के समाधान में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ प्रबुद्ध नागरिक के रूप में समाज की भलाई की भी चिंता करनी चाहिए और बेहतर समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को पदेन दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने बताया कि प्रशिक्षु अधिकारियों का इंडक्शन कोर्स 7 अप्रैल 2025 से चल रहा था और अब समाप्त हो रहा है। इसके बाद ये अधिकारी राज्य के विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवा देंगे, जहाँ वे शासन के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को समझेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने प्रशिक्षण अनुभव पर चर्चा करते हुए कहा कि यह अधिकारी अपने करियर में जनता की सेवा का अनोखा अवसर पा रहे हैं, जिसका लाभ उन्हें निष्ठा और समर्पण के साथ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन जनहित की नीतियाँ बनाता है, लेकिन उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी प्रशासनिक सेवा पर ही रहती है।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संसाधन संपदा, मजबूत पावर सेक्टर और नक्सलवाद पर विजय प्राप्ति के बाद राज्य का विकास और तेजी से होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उन्हें विशेष रूप से जनजातीय समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।