भिलाई में तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, रेलवे का एग्जाम देने गई थी रायपुर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और 8 साल का मासूम बेटा घायल हो गए।
एग्जाम देकर लौट रहा था परिवार
मृतका की पहचान 30 वर्षीय एन. भारती के रूप में हुई है, जो खुर्सीपार (भिलाई) की रहने वाली थी। भारती शनिवार को रायपुर में रेलवे की भर्ती परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह अपने पति और बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी। नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान यह भयावह हादसा हुआ।
CCTV में कैद हुई लापरवाही
हादसे का विचलित करने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पिछला पहिया भारती को कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि पति और बच्चे को मामूली चोटें आईं।
पुलिस की कार्रवाई और जाम
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





