विश्व रेडक्रॉस दिवस पर राज्यभर में होंगे विशेष कार्यक्रम, राज्यपाल डेका ने दिए निर्देश

रायपुर। 8 मई को मनाए जाने वाले विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में राज्य और जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्यपाल रमेन डेका ने रेडक्रॉस के मानव सेवा कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार और सदस्यता अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों और विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने 8 मई को राज्य एवं जिला शाखाओं में वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
रविवार को लोकभवन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष टोमन साहू ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों, सदस्यता अभियान और आगामी विश्व रेडक्रॉस दिवस के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने सुझाव दिया कि आम नागरिकों और गणमान्य लोगों को रेडक्रॉस स्टीकर लगाकर दान संग्रहण अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सेवा कार्यों से जुड़ सकें। उन्होंने प्रदेश के सभी स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को जूनियर रेडक्रॉस और यूथ रेडक्रॉस से जोड़ने पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा मिलेगा। इससे समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना आसान होगा।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के वर्तमान कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्य प्रतिनिधि युवराज देशमुख और कोषाध्यक्ष संजय पटेल भी मौजूद रहे।





