रायपुर। रायपुर में आयोजित आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को जनता के हितों के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया।
राजधानी के शहीद स्मारक भवन में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अगर जनता के हक की लड़ाई लड़ते हुए जेल भी जाना पड़े, तो कार्यकर्ताओं को पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को उठाकर उनका समाधान करना है।
सम्मेलन के दौरान संजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास के बजाय जनता को महंगाई, बेरोजगारी और कमजोर स्वास्थ्य सुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की खनिज संपदा का सही उपयोग नहीं हो रहा और किसानों, युवाओं तथा गरीब वर्ग की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
संजय सिंह ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब दोनों दलों से निराश हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब तीसरे राजनीतिक विकल्प की तलाश में हैं और आम आदमी पार्टी उस विकल्प के रूप में तेजी से उभर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक जैसी योजनाएं जनता को सीधे लाभ पहुंचाने का उदाहरण हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद संजय सिंह माना-तूता स्थित धरना स्थल पहुंचे, जहां लंबे समय से आंदोलन कर रहे D.Ed अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
