ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

“स्पेस ऑन व्हील्स” बना जशपुर के बच्चों के लिए चलता-फिरता अंतरिक्ष विद्यालय

रायपुर। जशपुर जिले में “स्पेस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम बच्चों के लिए अंतरिक्ष ज्ञान का चलता-फिरता विद्यालय बन गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस के जरिए विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की रोचक और व्यावहारिक जानकारी मिल रही है। रणजीता स्टेडियम में पहुंचे इस अनूठे कार्यक्रम का अवलोकन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।

मुख्यमंत्री ने बस में प्रदर्शित रॉकेट, उपग्रह और विभिन्न अंतरिक्ष मिशनों के मॉडल देखे तथा बच्चों से संवाद कर उनकी वैज्ञानिक समझ की सराहना की। इस दौरान छात्राओं ने चंद्रयान और मंगलयान जैसी परियोजनाओं को सरल भाषा में समझाया, जिससे मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 17 छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और “द मैजिक ऑफ नाइट स्काई” पुस्तिका वितरित की। यह पहल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “अन्वेषण” कार्यक्रम के तहत संचालित की जा रही है, जिसमें विज्ञान भारती का सहयोग भी शामिल है।

“स्पेस ऑन व्हील्स” बस में पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान, मंगलयान, रिमोट सेंसिंग और कम्युनिकेशन सैटेलाइट से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। ऑडियो-विजुअल तकनीक, इंटरएक्टिव पैनल और लाइव डेमो के माध्यम से जटिल अंतरिक्ष विज्ञान को आसान भाषा में समझाया जा रहा है।

7 अप्रैल से शुरू हुआ यह अभियान 14 दिनों तक जिले के विभिन्न स्कूलों में पहुंचेगा और रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यार्थियों को जानकारी देगा। इस पहल से 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे।

यह कार्यक्रम न केवल अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि युवाओं को STEM (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित) के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।

Related Articles

Back to top button