छत्तीसगढ़ में 1.11 लाख घरों की छत पर सोलर प्लांट, 35 हजार उपभोक्ताओं का बिजली बिल हुआ शून्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में अब तक 1,11,713 सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। पिछले कुछ महीनों से रोजाना 500 से ज्यादा नए प्लांट लगाए जा रहे हैं। सोलर सिस्टम लगने के बाद 35 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल शून्य आने लगे हैं।

योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। अब तक केंद्र सरकार से 661 करोड़ रुपए और राज्य सरकार से 225 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है।

43 लाख परिसरों में स्मार्ट मीटर

प्रदेश में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए करीब 43 लाख उपभोक्ता परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें 7,780 परिसरों में स्मार्ट मीटर के साथ चेक मीटर भी लगाए गए हैं। जांच के दौरान दोनों मीटरों की बिजली खपत में अंतर निर्धारित मानक सीमा के भीतर पाया गया।

कम खपत वाले उपभोक्ता बढ़े

सोलर प्लांट और बिजली बचत के चलते घरेलू बिजली खपत के पैटर्न में भी बदलाव दिखाई दे रहा है। वर्ष 2025-26 में 200 यूनिट से कम बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 41.40 लाख थी, जो 2026-27 में बढ़कर 42.40 लाख हो गई है।

वहीं 200 से 400 यूनिट मासिक खपत वाले उपभोक्ता 6.85 लाख से बढ़कर 7.34 लाख हो गए। 400 यूनिट से ज्यादा खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 2.71 लाख से घटकर 2.56 लाख रह गई है।

52.28 लाख घरेलू उपभोक्ता

प्रदेश में कुल 52.28 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें 47 लाख से अधिक उपभोक्ता मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जनअभियान योजना का लाभ ले रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सोलर प्लांट बढ़ने से घरेलू बिजली की खपत और उपभोक्ताओं के मासिक बिल पर इसका असर दिखाई देने लगा है।

↑
Exit mobile version