ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट: अगले 3 दिन भारी बरसात के आसार, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है। अगले 24 घंटों में इसके अवदाब में बदलने की संभावना है, जिसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा। इसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 90-90 मिमी बारिश भैसमा और लवन में हुई। इसके अलावा ओडगी में 80 मिमी और कोटाडोल में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 60-60 मिमी पानी बरसा।

छाल और मनेंद्रगढ़ में 50-50 मिमी बारिश हुई। पामगढ़, पिपरिया, कुनकुरी, शंकरगढ़, सक्ती, बलौदाबाजार और साल्हेवारा में 40-40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तिल्दा, भाटापारा, कटघोरा, पेंड्रारोड, कसडोल और कोंटा सहित कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहे। शहर का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। रविवार को शाम तक 12.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

Related Articles

Back to top button