पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी राज्यों में बढ़ी ठंड: श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द रात, गंगोत्री में -11°C; छत्तीसगढ़ में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्सों में बर्फबारी के बाद ठंड का असर मैदानी राज्यों तक पहुंचने लगा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान तेजी से गिर रहा है।

श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान -1.6°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। उत्तराखंड के गंगोत्री में पारा -11°C और कश्मीर के पहलगाम में -4.6°C तक पहुंच गया है।

इधर, राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर दिखने लगा है। दोनों राज्यों के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान का फतेहपुर 4.3°C के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि मध्य प्रदेश के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.4°C रिकॉर्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ में दो दिन में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

छत्तीसगढ़ में भी अगले 48 घंटों के दौरान ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

मंगलवार को पेंड्रा रोड प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14°C दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.5°C रहा। रायपुर में तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

उत्तर भारत में कोहरे का अलर्ट, दक्षिण में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में अगले दो-तीन दिनों में तापमान गिरने की संभावना है।

दूसरी ओर आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में प्रदूषण बढ़ा

ठंड के साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। दिल्ली में मंगलवार को 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 पर AQI खराब, 19 पर मध्यम और 5 पर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक दिल्ली की हवा खराब रह सकती है।

उत्तराखंड के रुड़की में AQI 250, रुद्रपुर में 186 और देहरादून के सहस्रधारा में 150 दर्ज किया गया। CPCB के मुताबिक 201 से 300 के बीच AQI खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में रुड़की की हवा भी खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

राजस्थान से झारखंड तक बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में उत्तरी हवाओं के कारण तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिरा है। मध्य प्रदेश में बारिश थमने के बाद भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में ठंड बढ़ी है। उत्तर प्रदेश के हरदोई में न्यूनतम तापमान 9.5°C दर्ज किया गया है।

पंजाब के पठानकोट में पारा 7.1°C तक पहुंच गया। वहीं झारखंड में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और प्रदूषण वाले इलाकों में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

↑
Exit mobile version