सफल सर्जरी से भीमे हेमला के चेहरे पर लौटी मुस्कान: जन्मजात होंठ की विकृति का जिला अस्पताल में हुआ इलाज

बीजापुर। जन्म से होंठ की विकृति (क्लेफ्ट लिप) से जूझ रही 22 वर्षीय भीमे हेमला के चेहरे पर अब मुस्कान लौट आई है। बीजापुर जिले के दूरस्थ बासागुड़ा गांव की रहने वाली भीमे का जिला अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद वह अब सामान्य रूप से बोलने, भोजन करने और दैनिक जीवन जीने में सक्षम हैं।

भीमे हेमला बचपन से क्लेफ्ट लिप की समस्या से पीड़ित थीं। इस वजह से उन्हें खाना खाने, निगलने और स्पष्ट रूप से बोलने में काफी परेशानी होती थी। यह शारीरिक समस्या उनके आत्मविश्वास और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित कर रही थी। उपचार के लिए उन्होंने जिला अस्पताल बीजापुर में संपर्क किया, जहां ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विभू तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय एनेस्थीसिया के तहत उनकी सफल सर्जरी की गई।

ऑपरेशन थिएटर के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयास से यह जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक पूरी हुई। सर्जरी के बाद भीमे के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब उन्हें बोलने, निगलने और सामान्य भोजन करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होती। सफल उपचार के बाद उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है और वे सामान्य व सम्मानजनक जीवन की ओर लौट रही हैं।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी और सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के नेतृत्व में जिला अस्पताल में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है, जिससे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल रहा है।

भीमे हेमला ने कहा, “मैं जन्म से इस समस्या से परेशान थी। जिला अस्पताल में सफल इलाज के बाद अब मैं आसानी से बोल और खाना खा सकती हूं। मेरे चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ सरकार, डॉ. विभू तिवारी और अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों की आभारी हूं।”

↑
Exit mobile version