मुंगेली के 28 स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम की शुरुआत, बच्चों की पढ़ाई होगी और बेहतर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के 28 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम का शुभारंभ किया। उन्होंने यह कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैगाकापा में आयोजित किया, जहाँ उन्होंने तकनीकी उपकरणों और पढ़ाई की नई सुविधाओं को देखा और सराहा। इन स्मार्ट क्लास-रूम को एचडीएफसी बैंक और एआरओ फाउंडेशन के सहयोग से तैयार किया गया है।
शुभारंभ के मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा, कि “स्मार्ट क्लास-रूम से बच्चों की पढ़ाई में रुचि और सीखने की क्षमता बढ़ेगी। इससे वे विषयों को और अच्छे से समझ सकेंगे। गांवों के स्कूलों में भी अब आधुनिक तकनीक से पढ़ाई होगी।” उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस सुविधा का पूरा उपयोग करें और अपने विषयों पर मजबूत पकड़ बनाएं।
डिजिटल शिक्षा की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम साव ने कहा कि डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल स्कूलों में तेजी से बढ़ाया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने एचडीएफसी बैंक और एआरओ फाउंडेशन को उनके योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया। इस मौके पर लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जिला पंचायत सदस्य अनिता साहू, जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।