दिल्ली। तमिलनाडु में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। चेन्नई से मदुरै जा रही एक निजी स्लीपर बस में पेरंबलूर जिले के मंगलामेडु के पास अचानक आग लग गई। यह घटना चेन्नई-तिरुचिरापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 23 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बिना देर किए नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते बस धू-धूकर जलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया, जिससे लंबा जाम नहीं लगा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और परिवहन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
