बजट सत्र का छठवां दिन: पीएम मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल सकते हैं आज

दिल्ली। संसद के बजट सत्र का बुधवार को छठवां दिन है। लोकसभा में 2 फरवरी से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है।
संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल सकते हैं। बीते दो दिनों से सदन में राहुल गांधी के ‘चीनी टैंक घुसपैठ’ वाले मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ, जिससे कार्यवाही बार-बार बाधित हुई।
मंगलवार को राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख की अनपब्लिश्ड बुक से जुड़े एक आर्टिकल का हवाला देते हुए सदन में अपनी बात रखने की कोशिश की।
राहुल ने कहा- “मुझे बोलने दिया जाए।” उनके इतना कहते ही एनडीए सांसदों ने टोकना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर स्पीकर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल को रोकते हुए अन्य दलों के सांसदों को बोलने का मौका दिया।
हालांकि राहुल के समर्थन में विपक्षी सांसदों ने बोलने से इनकार कर दिया और नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।
इस दौरान विपक्षी सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी की तरफ कागज भी उछाले। शिकायत मिलने के बाद पीठासीन दिलीप सैकिया ने अनुशासनहीनता के आरोप में 8 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया। इससे सदन का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलेगा और 2 अप्रैल को समाप्त होगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा।
इस दौरान लोकसभा में 9 विधेयक लंबित हैं, जिनमें विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 शामिल हैं। फिलहाल ये विधेयक संसदीय स्थायी या प्रवर समितियों की जांच में हैं।
आज प्रधानमंत्री के संभावित भाषण पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि वे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के साथ-साथ विपक्ष के आरोपों और हंगामे पर भी जवाब दे सकते हैं।





