कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर 6 IED ब्लास्ट… 11 जवान घायल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी में गणतंत्र दिवस से ठीक एक दिन पहले नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
रविवार 25 जनवरी को नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर निकली सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम की चपेट में एक के बाद एक 6 IED विस्फोट हुए, जिसमें डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 11 जवान घायल हो गए। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। यह इलाका तेलंगाना सीमा से लगे उसूर थाना क्षेत्र में आता है।
बताया गया कि DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की एलीट यूनिट कोबरा (CoBRA) के जवान कर्रेगुट्टा हिल्स में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान जवानों के पैर पड़ते ही जमीन में छिपाए गए IED फट गए। धमाकों में 10 जवान DRG के और एक कोबरा यूनिट का जवान घायल हुआ है।
घायलों में कोबरा 210वीं बटालियन के सब-इंस्पेक्टर रुद्रेश सिंह भी शामिल हैं। रुद्रेश सिंह और DRG के दो जवानों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन जवानों की आंखों में छर्रे लगे हैं।
सभी घायल जवानों को तत्काल एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक तीन जवानों का ऑपरेशन हो चुका है, जबकि एक की सर्जरी चल रही है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इसी दिन कर्रेगुट्टा की लगभग 5,000 फीट ऊंची पहाड़ियों पर आजादी के बाद पहली बार तिरंगा फहराया गया। नए सुरक्षा कैंप में जवानों ने ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया। यह वही इलाका है, जिसे लंबे समय तक नक्सलियों का गढ़ माना जाता था।
गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में सुरक्षा बलों ने कर्रेगुट्टा इलाके में 24 दिनों का बड़ा ऑपरेशन चलाया था, जिसमें 31 नक्सली मारे गए थे। इसके बावजूद नक्सली अब भी हिंसक घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।


