StateNewsदेश - विदेश

देशभर में भारी बारिश से हालात बिगड़े: MP में 104 करोड़ की सड़क बही, UP के 19 जिलों में बाढ़; 84 घाट डूबे

दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मध्य प्रदेश में बारिश के कारण सड़क, पुल और नाले उफान पर हैं। सीधी में करीब 6 महीने पहले 104 करोड़ रुपए की लागत से बनी सड़क का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। सतना में बाइक सवार तीन लोग नाले में बह गए। इनमें दो लोगों को बचा लिया गया, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पन्ना में उफनती नदी में डंपर बहने की घटना सामने आई है।

MP में 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को मध्य प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। सतना, रीवा, जबलपुर, भोपाल, इंदौर और सागर समेत अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं।

UP के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 92 गांवों की फसलें पानी में डूब गई हैं, जबकि 26 गांवों का संपर्क दूसरे इलाकों से कट गया है। प्रभावित लोगों तक नाव और मोटर बोट के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। घाटों की सीढ़ियां डूबने के कारण कई जगह हालात बदल गए हैं। वाराणसी में सभी 84 घाट जलमग्न हो चुके हैं। अस्सी घाट पर जहां दुकानें लगती थीं, वहां अब नावें चल रही हैं। दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है।

कानपुर में घरों में 6 फीट तक पानी

कानपुर में गंगा के साथ पांडू नदी भी उफान पर है। निचले इलाकों में कई घरों में 4 से 6 फीट तक पानी भर गया है। वहीं वरुणा नदी का पानी रिहायशी कॉलोनियों तक पहुंच गया है।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, 80 सड़कें बंद

उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड से गंगोत्री हाईवे पर मलबा आ गया और रास्ता बंद हो गया। जोशियाड़ा में बारिश का पानी घरों में घुस गया है। प्रदेश में करीब 80 सड़कें बंद हैं। इनमें नैनीताल की 15, जबकि चमोली और पिथौरागढ़ की 13-13 सड़कें शामिल हैं।

अगले दो दिन भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 अगस्त को ओडिशा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए नदियों, नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button