जशपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में भाई-बहन के स्नेह का भावनात्मक नजारा देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान जताया। इस दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सरकार के संकल्प की झलक दिखाई दी।
‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी दोहराने का अवसर भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की हर माता-बहन आत्मनिर्भर बने और परिवार व समाज के निर्णयों में उनकी भागीदारी मजबूत हो।
पंडरीपानी को 64 लाख के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंडरीपानी में करीब 64 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें महतारी सदन भी शामिल है। सदन में बैठक कक्ष, प्रशिक्षण सुविधा, रसोईघर और शौचालय जैसी सुविधाएं हैं। यहां महिला स्व-सहायता समूह बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका गतिविधियां संचालित कर सकेंगे।
उन्होंने ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन बनाने की घोषणा की। साथ ही मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपए की स्वीकृति की जानकारी दी।
67 लाख महिलाओं को मिली महतारी वंदन की किस्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन को देखते हुए 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अग्रिम रूप से ट्रांसफर की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके कौशल को रोजगार व आजीविका से जोड़ना है। स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
1076 हेल्पलाइन और 700 से ज्यादा ऑनलाइन सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के तहत सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।
कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। मोंगरा, वैष्णवी और चांद समूह को 1.50-1.50 लाख रुपए तथा प्रतिज्ञा समूह को 1 लाख रुपए दिए गए। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत दो बालिकाओं को पासबुक और स्वामित्व योजना के पांच हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने मुख्यमंत्री को ‘विष्णु भैया’ बताते हुए कहा कि वे महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
