सिक्किम के पत्रकारों को भाया छत्तीसगढ़: सीएम बोले- समृद्ध, सुरक्षित और विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पित सरकार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर छत्तीसगढ़ को सुंदर, समृद्ध, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित होकर काम कर रही है।
उन्होंने यह बात गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में सिक्किम से अध्ययन भ्रमण पर आए पत्रकारों के दल से आत्मीय मुलाकात के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का राजकीय गमछा भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और यहां 31 प्रतिशत आदिवासी आबादी निवास करती है। वनोपज संग्रहण, मूल्य संवर्धन और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से जनजातीय समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है।
उन्होंने जशपुर के ‘जशप्योर’ ब्रांड और तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा भुगतान जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, नक्सल पुनर्वास नीति और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनसे समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिली है।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता और कौशल प्रशिक्षण देकर मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
सिक्किम की पत्रकार अर्चना प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ भ्रमण ने उन्हें “भारतीय होने का गर्व” कराया। उन्होंने औद्योगिक विकास, सांस्कृतिक विविधता और लोगों के आत्मीय व्यवहार की सराहना की।
पत्रकारों ने भिलाई स्टील प्लांट, गेवरा माइंस और जनजातीय संग्रहालय के अनुभव साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और आतिथ्य उन्हें हमेशा याद रहेगा।


