बुलडोजर एक्शन के खिलाफ बंद: पखांजूर में बाजार बंद, SDM कार्यालय घेराव की तैयारी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी विरोध में शुक्रवार को बंग समाज ने बंद का आव्हान किया है, जिसका असर सुबह से ही इलाके में साफ नजर आ रहा है। कापसी, पखांजूर और बांदे क्षेत्र में ज्यादातर दुकानें बंद हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दरअसल, हाल ही में पखांजूर के नया पारा इलाके में प्रशासन ने 6 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के घरों को तोड़ा गया, जिससे कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बंग समाज के आह्वान पर किए गए इस बंद को सर्वसमाज का समर्थन भी मिल रहा है, जिससे आंदोलन और व्यापक होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आज एसडीएम कार्यालय का घेराव करने की तैयारी की है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।
सुबह से ही बाजार पूरी तरह बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। परलकोट क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कुल मिलाकर, बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ यह विरोध अब बड़ा रूप लेता दिख रहा है। आने वाले समय में प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत से ही इस मामले का समाधान निकलने की उम्मीद है।





