शराब कारोबारी का बेटा शोएब ढेबर फरार: स्कूल संचालक को दी थी जान से मारने की धमकी

रायपुर। रायपुर में रोडरेज विवाद के बाद स्कूल संचालक को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी शोएब ढेबर फरार हो गया है। FIR दर्ज होने के बाद तेलीबांधा पुलिस उसके घर पर चार बार दबिश दे चुकी है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है और शहर छोड़कर अंडरग्राउंड हो गया है। उसकी तलाश के लिए लगातार टीमें रवाना की जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित स्कूल संचालक आरबी मिश्रा ने बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। लौटने के दौरान उनकी कार के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने स्क्रैच मार दिया।
जब उन्होंने चालक को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही तो आरोपी शोएब ढेबर ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरबी मिश्रा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।



