पर्यावरण संरक्षण में साझी भागीदारी से ही मिलेगा सफलता का मार्ग : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में फाइट अगेंस्ट ग्लोबल वार्मिंग कैंपेन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। शुद्ध हवा, स्वच्छ जल और हरित वातावरण तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य तय किया है। इस दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने भी ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है। राज्य की नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत ऊर्जा क्षेत्र में अब तक तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” और “पीपल फॉर पीपुल” जैसे नवाचार कार्यक्रमों से राज्य में हरित क्रांति का संकल्प लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते वर्ष राज्य में चार करोड़ पौधे लगाए गए और आगामी वर्षों में 11 लाख पीपल के वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने नौनिहालों में पर्यावरण के प्रति चेतना विकसित करने पर जोर दिया और अभियान में भाग ले रहे शिक्षकों व आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, संघ अध्यक्ष सुबोध राठी, सचिव मनोज पाण्डेय सहित अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालक संघ और गौ संरक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

Exit mobile version