स्टॉक मार्केट: वैश्विक मंदी की आशंकाओं के बीच शेयर बाजार धड़ाम; सेंसेक्स 4.09% और निफ्टी 3.82% गिरा

दिल्ली। सोमवार (7 अप्रैल) को वैश्विक मंदी की आशंकाओं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के असर से भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है। सेंसेक्स 3,100 अंक और निफ्टी 900 अंक से ज्यादा गिरा। अमेरिकी शेयर बाजार भी बहुत नीचे गिरा है।
सेंसेक्स सुबह 3081.62 अंक यानी 4.09% गिरकर 72,283.07 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 874.70 अंक यानी 3.82% गिरकर 22,029.75 पर ट्रेड कर रहा है। प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स में 4.30% और निफ्टी में 5.75% की गिरावट देखी गई थी।
ट्रंप ने भारत, चीन और 60 देशों पर टैरिफ बढ़ाए हैं, जिससे महंगाई बढ़ने और डिमांड घटने की संभावना जताई जा रही है। दुनियाभर के एक्सपर्ट्स का मानना है कि वैश्विक मंदी आ सकती है, यही कारण है कि शेयर बाजार में गिरावट हो रही है।
इस गिरावट में टाटा स्टील और इन्फोसिस के शेयर 9% तक गिर गए, जबकि निफ्टी मेटल इंडेक्स में 6.91% की गिरावट आई। कोविड के बाद से यह सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।
अब तक की सबसे बड़ी गिरावटें
- 17 मई 2004: 15.52%
- 23 मार्च 2020: 13.15%
- 28 अप्रैल 1992: 12.77%
- 24 अक्टूबर 2008: 10.95%
- 21 जनवरी 2008: 9.75%