ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोंडागांव में शर्मनाक वारदात: रंग लगाने के बहाने युवती से गैंगरेप; मां को शराब लेने भेजा, दो नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। होली के दूसरे दिन, खुशियों के माहौल के बीच पांच युवकों ने एक 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से युवती की मां को घर से दूर भेजकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

मामला केशकाल अनुविभाग के इरागांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, गांव के ही कुछ युवक होली का रंग-गुलाल लगाने के बहाने युवती के घर पहुंचे। उस समय युवती अपनी मां के साथ थी। आरोपियों ने साजिश के तहत युवती की मां को शराब लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया।

जैसे ही मां घर से निकली, चार युवक युवती को जबरन कमरे में खींच ले गए और बारी-बारी से उसके साथ अनाचार किया, जबकि उनका एक साथी घर के बाहर पहरा दे रहा था। जब मां वापस लौटी, तो घर का दरवाजा बंद पाकर उन्हें शक हुआ। दरवाजा खोलने पर उन्होंने अपनी बेटी को बदहवास हालत में पाया और आरोपियों को भागते हुए देखा।

पंचायत में नहीं पहुंचे आरोपी, फिर दर्ज हुई FIR

घटना के अगले दिन पीड़िता ने न्याय के लिए गांव में सामाजिक बैठक बुलाई थी, लेकिन आरोपी युवक उसमें शामिल नहीं हुए। इसके बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए इरागांव थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार

एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग और तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी ने आश्वस्त किया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

Related Articles

Back to top button