छत्तीसगढ़ में भीषण हीटवेव, मोर-चमगादड़ों समेत कई वन्यजीवों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब इंसानों के साथ वन्यजीवों पर भी दिखने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हीटवेव का असर बना रहेगा।

मंगलवार को खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में मोर और पाम सिवेट समेत कई वन्यजीव मृत पाए गए।

वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि अत्यधिक गर्मी और हीट स्ट्रोक के कारण इन जानवरों की मौत हुई है। डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि जंगलों में पानी के स्रोत सूखने और तापमान बढ़ने से वन्यजीव प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं कांकेर जिले के सरोना गांव में करीब 500 चमगादड़ों की मौत हो गई। इससे पहले कोरबा के पाली इलाके में भी लगभग 200 चमगादड़ मृत मिले थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पर्यावरण और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

आईएमडी के मुताबिक 29 मई से प्रदेश में मौसम बदल सकता है। कुछ जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि विभाग का कहना है कि बारिश के बावजूद तापमान में फिलहाल कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं वन विभाग जंगलों में जल स्रोत बढ़ाने और वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था करने में जुटा हुआ है।

Exit mobile version