StateNewsदेश - विदेश

भीषण गर्मी का कहर: UP-MP सहित 9 राज्यों में हीटवेव, राजस्थान-हरियाणा में रेड अलर्ट

दिल्ली। देशभर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत में मानसून की देरी के कारण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा सहित कुल 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान और हरियाणा में तो हालात और भी गंभीर हैं, यहां दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। श्रीगंगानगर, कोटा और बीकानेर जैसे जिलों में गुरुवार को तापमान पहले ही 45 डिग्री को पार कर चुका है। हरियाणा के 9 जिलों, और मध्य प्रदेश के उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के 12 जिलों में लू का गंभीर खतरा बना हुआ है। इसी प्रकार राजस्थान के 22 जिलों में भी हीटवेव का रेड अलर्ट है।

वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में हालात बिल्कुल अलग हैं। तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, नगालैंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। कर्नाटक के हुबली में गुरुवार को मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में बिजली गिरने से 5 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई।

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून फिलहाल मुंबई-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुका है। अनुमान है कि यह 25 जून तक दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच जाएगा। इस साल मानसून केरल में 24 मई को ही दस्तक दे चुका है, जो सामान्य समय से 8 दिन पहले है। यह 16 वर्षों में सबसे जल्दी आने वाला मानसून है।

Related Articles

Back to top button