StateNewsदेश - विदेश

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड: कई शहर स्विट्जरलैंड से भी ज्यादा ठंडे, मुनस्यारी में पारा -28.9°C

दिल्ली। देश में फरवरी के दूसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। जहां मैदानी राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, वहीं पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। गुरुवार को राज्य के 9 शहरों का तापमान स्विट्जरलैंड से भी ज्यादा ठंडा दर्ज किया गया।

सबसे कम तापमान मुनस्यारी में माइनस 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गंगोत्री में -21°C, बद्रीनाथ में -18°C और हर्षिल व हेमकुंड में -19°C तापमान दर्ज हुआ। हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर बना हुआ है। यहां लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में -8.3°C और ताबो में -8.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर मैदानी इलाकों में मौसम का रुख बिल्कुल अलग है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। हरियाणा के 13 जिलों में भी पारा 25°C से अधिक दर्ज हुआ, जिसमें पलवल सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 29.2°C रिकॉर्ड किया गया।

बिहार के बगहा में गुरुवार को घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। पटना, सुपौल और मोतिहारी में भी कोहरे का असर देखा गया। वहीं मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में बादल छाए रहे, जिससे दिन का तापमान कुछ कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में राजस्थान में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि हिमाचल के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना कम है और निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button