डॉक्टर सुसाइड केस में दूसरी गिरफ्तारी, इंस्पेक्टर गोपाल बदने ने किया सरेंडर

मुंबई। महाराष्ट्र की महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है। फरार चल रहे सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने ने शनिवार शाम फलटण ग्रामीण थाने में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले शनिवार दोपहर प्रशांत बांकर को पकड़ा गया था, जो पीड़ित के मकान मालिक का बेटा और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उस पर पीड़ित का रेप करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
23 अक्टूबर को फलटण सिविल अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर ने शहर के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी। उसकी हथेली पर गोपाल बदने और प्रशांत बांकर के नाम लिखे थे। सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा था कि गोपाल ने पिछले पांच महीनों में चार बार उसका रेप किया, जबकि प्रशांत उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। चार पेज के नोट में एक सांसद और उसके दो पीए पर भी आरोप लगाया गया कि वे अस्पताल में फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का दबाव डालते थे।
डॉक्टर के रिश्तेदारों ने बताया कि उस पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बदलने और गिरफ्तार आरोपियों की मेडिकल रिपोर्ट में हेरफेर करने का दबाव था। उसने इस संबंध में एसपी और डीएसपी को लिखित शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। होटल स्टाफ ने जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला देखा, तो दूसरी चाबी से खोला और डॉक्टर को फांसी पर लटका पाया। घटना के विरोध में शनिवार को मुंबई के KEM अस्पताल के बाहर डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया।





