SECL भूमि विवाद हिंसक: पुलिस टीम पर पथराव, DSP समेत 24 से अधिक जवान घायल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया।

प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर गांव में कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जमकर पथराव कर दिया।

इस हमले में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायल पुलिसकर्मियों में महिला जवान भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें मुआवजा नहीं, बल्कि जमीन के बदले जमीन चाहिए।

कुछ दिन पहले सर्वे के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने कथित तौर पर बंधक बना लिया था। इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी।

इस दौरान पुलिस ने सरपंच के बेटे को हिरासत में लिया, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हथियार लहराते हुए पुलिसकर्मियों को खदेड़ने की कोशिश की।

देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और कई जवान घायल हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। हालात को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर समेत आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

गांव में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि पथराव में 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया जा रहा है। मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version