रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था और मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जिलेवार समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से प्रत्येक जिले की स्थिति की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर पहुंचें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अस्पतालों में दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने और जरूरत के अनुसार उनकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को साफ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। इसके अलावा चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव, स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम लोगों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिल सकें।
