छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 1769 गांव संवेदनशील घोषित

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से तेज हवाओं की आशंका; 24 घंटे सक्रिय रहेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष, मदद के लिए 1070 पर करें कॉल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए राज्य सरकार ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर को प्रदेश के 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में कुल 1769 संवेदनशील गांव चिन्हित किए गए हैं। इनमें 763 गांव 12 अति संवेदनशील जिलों में और 1006 गांव बाकी 21 जिलों में हैं।
जर्जर मकानों की पहचान करने के निर्देश
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को सतर्क रहने और आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टरों से तूफान के दौरान गिरने की आशंका वाले जर्जर और असुरक्षित मकानों को चिन्हित कर जरूरी कार्रवाई करने को कहा है।
इसके साथ ही जलाशयों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जलाशयों से पानी छोड़ा जाता है, तो संबंधित क्षेत्रों के लोगों को 48 घंटे पहले सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा सकें।
इन 12 जिलों में ज्यादा सतर्कता
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बालोद और रायपुर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मदद के लिए 1070 पर करें कॉल
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आपदा संबंधी सूचना देने या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है। मौसम की चेतावनियां दामिनी और मेघदूत मोबाइल ऐप के जरिए भी दी जा रही हैं।
मंत्री वर्मा ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने, अनावश्यक जोखिम से बचने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





